फूलपुर में विकास को मिली रफ्तार, विधायक दीपक पटेल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
प्रयागराज। फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क और संपर्क मार्गों के विकास को लेकर किए गए प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बस्तियों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाले 10 महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने और कार्यों के पूरा होने पर फूलपुर विधायक दीपक पटेल ने मुख्यमंत्री का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
विधायक दीपक पटेल ने कहा कि फूलपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए शासन को लगातार प्रस्ताव पत्र भेजे गए थे। मुख्यमंत्री द्वारा इन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान किए जाने से क्षेत्र में सड़क विकास के महत्वपूर्ण कार्य संभव हो सके हैं।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे फूलपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की उपलब्धि है। क्षेत्रवासियों की ओर से वह मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने विकास से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता देते हुए मंजूरी प्रदान की।
फूलपुर विधानसभा में जिन प्रमुख संपर्क मार्गों पर कार्य हुआ है, उनमें गारापुर–सिलोखरा संपर्क मार्ग ₹106.39 लाख, झूंसी–ककरा–दुर्वासा–लीलापुर मार्ग ₹94.38 लाख, जे.के.डी.एल. रोड से पाल चौराहा संपर्क मार्ग ₹101.10 लाख, रमईपुर संपर्क मार्ग ₹95.16 लाख तथा चक काशीराम संपर्क मार्ग ₹98.06 लाख की लागत से तैयार किए गए हैं।
इसके साथ ही जी.टी. मार्ग से कतवारूपुर–जमुनीपुर मार्ग पर ₹96.32 लाख, जे.के.डी.एल. मार्ग पर ₹93.39 लाख, रामगढ़–कोठारी संपर्क मार्ग पर ₹95.31 लाख, रमईपुर संपर्क मार्ग से दलापुर बिन्द बस्ती तक ₹124.34 लाख तथा रिंग रोड संपर्क मार्ग पर ₹78.04 लाख की लागत से निर्माण कार्य कराया गया है।
इन मार्गों के निर्माण से पटेल बस्ती, हसनपुर कोरारी, दलापुर, दौलतपुर, कमलदीपुर, नीबीकला, रमईपुर, डिहवा, रामनाथपुर, गडरिया बस्ती, सराय चण्डी, पाल व मौर्या बस्ती, चक चुरावन सहित कई गांवों और आबादियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिली है।
विधायक दीपक पटेल ने कहा, “फूलपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास मेरी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जनता की मांग और जरूरतों को लेकर जो प्रस्ताव मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखे गए, उन्हें स्वीकृति देकर उन्होंने फूलपुर के विकास को नई गति दी है। इसके लिए मैं पूरे फूलपुर विधानसभा क्षेत्र की सम्मानित जनता की ओर से माननीय मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देती हैं। आने वाले समय में भी फूलपुर विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं को शासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें